चंडीगढ़/पानीपत, 23 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को राजस्थान प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर पानीपत में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे पानीपत के लिए गर्व का क्षण बताया।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि संजय भाटिया ने पानीपत की करनाल लोकसभा सीट से सांसद रहते हुए क्षेत्र के विकास के लिए अहम कार्य किए हैं। उनका संगठनात्मक अनुभव और जमीनी जुड़ाव सर्वविदित है।इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी संजय भाटिया को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाटिया का समृद्ध संगठनात्मक अनुभव, सहज नेतृत्व और कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव निश्चित रूप से राजस्थान में संगठन को नई मजबूती और गति प्रदान करेगा।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाटिया के नेतृत्व में राजस्थान में संगठन और अधिक मजबूत होगा। पानीपत भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश देकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और मेयर कमल सैनी ने संजय भाटिया को बधाई दी।

+ There are no comments
Add yours