गांधी जी के स्वच्छता संदेश को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान : डॉ. अर्चना गुप्ता

Estimated read time 1 min read


⭕पानीपत में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने किया श्रमदान

⭕बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे-छोटे संकल्पों से होती है : महिपाल ढांडा

⭕कार्यकर्ताओं और आमजन से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान

(सानिध्य टाइम्स/ सुधीर सलूजा)

पानीपत, 2 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता के साथ स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना देखा था। गांधी जी के लिए स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने का विषय नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मसम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा संस्कार था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से इसी विचार को जनभागीदारी के अभियान के रूप में आगे बढ़ाया है।

शुक्रवार सुबह सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा गांधी की जयंती पर भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पानीपत के वार्ड-24 स्थित रजवाहा रोड पर सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। डॉ. गुप्ता ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, मेयर कोमल सैनी, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ श्रमदान किया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भी जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े अभियानों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने पानीपतवासियों से स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालना, कचरे का उचित निस्तारण करना और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना गांधी जी के स्वच्छ भारत के विचार को व्यवहार में उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन संदेश देता है कि बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे-छोटे संकल्पों से होती है। स्वच्छता केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और सोच का भी हिस्सा होनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली, मोहल्ले और कार्यस्थल की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए तो स्वच्छता का संकल्प और मजबूत होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता के संदेश को परिवारों तक पहुंचाने और इस अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वार्ड-24 की पार्षद सांची तनेजा, सफाई कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान किया।

0Shares

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours