पानीपत 22 फरवरी, भारतीय जनता पार्टी के जीटी रोड कार्यालय में भाजपा के जिला पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया | बैठक की अध्यक्षता करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद संजय भाटिया ने की |भाजपा जिला प्रभारी उमेश विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए | भाजपा के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी नीतिसेन भाटिया सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे | जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया | वरिष्ठ भाजपा नेता गजेन्द्र सलूजा ने भी बैठक को संबोधित किया | वरिष्ठ भाजपा नेता अमर शहीद महेंद्र रंजन के पुत्र व भाजपा नेता राजीव रंजन ने सभी का आभार व्यक्त किया |
सांसद संजय भाटिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 25 फरवरी रविवार को प्रातः 10:30 बजे भाजपा कार्यालय (जीटी रोड) में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष नायब सैनी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे और 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर सुनेंगे | इसके अलावा पानीपत जिला में अनेक स्थानों पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम होंगे |
सांसद भाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यालय मंदिर के सामान हैं और भारत माता की तरह ही प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा को मां के समान ही सम्मान देता है | इसलिए पानीपत जिला के सभी कार्यकर्ता भाजपा के निर्माणाधीन कार्यालय के लिए सामर्थ्य के अनुसार तन-मन-धन से पूर्ण सहयोग दें |
हरियाणा में सुशासन व पूरी पारदर्शिता के साथ सभी कल्याणकारी योजनाओं का संचालन ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से हो रहा है| उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जहाँ पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें वहीं दहेज़ जैसी सामाजिक बुराइयों को मिटाने के प्रति और अधिक जागरूक करें | उन्होंने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल नीतियों का ही परिणाम है कि आज विदेशों में भी भारतीयों का सम्मान बढ़ा है| भाजपा जिला प्रभारी उमेश शर्मा ने कहा कि यह भाजपा की हरियाणा सरकार के सुशासन का ही प्रभाव है कि अब प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची के सभी सरकारी नौकरियां लगती हैं और वरिष्ठता के आधार पर ऑनलाइन सिस्टम से पूरी पारदर्शिता के साथ अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले किए जाते हैं| वरिष्ठ भाजपा नेता नीतिसेन भाटिया ने कहा कि आप सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं कि आज केंद्र व अनेक प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं और कार्यकर्ताओं की इच्छा और आशाओं के अनुरूप कल्याणकारी नीतियां बनाई जाती हैं| हमने तो एक समय ऐसा भी देखा है जब भाजपा के दो सांसद जीतकर आते थे | यह संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि हम 2024 और 2029 में भी रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज करेंगे |
जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वे 25 फरवरी को आयोजित प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें| उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन को सरल बनाने, आम आदमी को सरकार की सेवाओं तथा कार्यक्रमों का लाभ घर बैठे आसानी से समय पर मिल पाए, जनता को अपने हक के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसे ही तो भाजपा की हरियाणा सरकार का सुशासन कहते हैं | कार्यकर्ताओं को अन्तोदय के मार्ग पर चलते हुए समाज के गरीब वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने में पूर्ण सहयोग देना चाहिए |
बैठक में जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आशु शेरा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष बलविन्द्र आर्य, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष गंगाराम स्वामी, पूर्व मेयर अवनीत कौर, जिला महामंत्री एडवोकेट रोशन लाल माहला, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय छोक्कर, विजय जैन, कृष्ण छोक्कर, मालती अरोड़ा,चौधरी गजेंद्र सिंह दहिया गज्जू बाबा के आलावा भाजपा जिला संगठन के सभी पदाधिकारी व महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे |
+ There are no comments
Add yours