नई दिल्ली (सुधीर सलूजा) रविवार को कैथल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की एक बड़ी बैठक में आगामी कार्यक्रमों का खाका खींचा गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एसआईआर के तहत वोटर लिस्ट को दुरूस्त करने के कार्य पर जोर देते हुए कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैला रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं छोड़ा है, इसलिए विपक्ष के लोग झूठा राग अलाप रहे हैं। जबकि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने आत्मनिर्भर भारत और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर आगामी दिनों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी बैठक में रखी।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बूथ मजबूती पर जोर दिया तो प्रदेश महामंत्री सूरेंद्र पूनिया ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा सबके सामने रखी। जबकि कृष्ण बेदी ने पीएम मोदी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को हर बूथ पर ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ सुनना सुनिश्चित करने को कहा। प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने एसआईआर में सहयोग के लिए बीएलए-2 की सभी बूथों पर नियुक्ति पर बल दिया। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठनमंत्री ने उपस्थित पदाधिकारियों से सीधा संवाद भी किया। आज की बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष व सभी मंडलों के अध्यक्ष तथा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का एक ही एजेंडा है झूठ बोलो और लोगों को भ्रमित करो। कांग्रेस एसआईआर को लेकर भी झूठ फैला रही है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आजकल कांग्रेस वोटी चोरी का झूठ का राग अलाप रही है। कांग्रेस ने ब्राजील की महिला का फोटो दिखाकर झूठा नेरेटिव सैट करने का प्रयास किया, लेकिन ब्राजील की महिला ने खुद ही कांग्रेस की पोल खोल दी और कहा कि वह कभी भारत आई ही नहीं।
नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष के नेताओं के हालात ऐसे हो गए हैं कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा तो वे अनर्गल प्रचार करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठे प्रचार से हमें लोगों को सावधान करना है और खुद भी सावधान रहना है। जनता को कांग्रेस के झूठे प्रचार से बचाना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में जल्द ही विभिन्न विभागों में भर्तियां की जाएंगी। जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके लिए सरकार द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी वाली भाजपा सरकार आमजन के हितों की सच्ची रक्षक है। इसी के तहत बिना किसी भेदभाव के मेरिट आधार पर नौकरी दी जाती है और हमारे लिए यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी लोकसभा में इस बात का जिक्र किया था।
श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में डबल इंजन सरकार उनके आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है। प्रधानमंत्री मोदी का आह्वान है कि यदि देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है तो उसका रास्ता आत्मनिर्भर भारत से होकर जाएगा। इसलिए सभी से अनुरोध है कि भारत निर्मित वस्तुएं ही बेचे और खरीदें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश भी दिया कि सभी कार्यकर्ता मन की बात सुनें और गांव के बुजुर्ग को उसमें अध्यक्ष बनाकर उनका मान-सम्मान करें।
सीएम सैनी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की यह पहचान है कि वह युवाओं सहित प्रदेश के लोगों के हितों की रक्षा करते हैं। हरियाणा में मेरिट के आधार पर नौकरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने चुनाव से पूर्व 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से बड़ी खुशी की बात है कि 50 संकल्प पूरे कर दिए हैं और जल्द ही 90 संकल्प और पूरे कर दिए जाएंगे। सरकार बनते ही हरियाणा में बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया गया साथ ही बहनों को 2100 रुपये की पेंशन के रूप में देकर लाडो लक्ष्मी योजना के वायदे को पूरा किया गया। सीएम सैनी ने कहा कि लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत दस लाख बहनों को दो किस्त दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पात्र गरीब लोगों को प्लाट दिए जा रहे हैं इसके साथ ही सोनीपत में 550 लोगों को फ्लैट देने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बारिश में जो सड़कें टूट गई हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है। इस साल के अंत तक सभी ऐसी टूटी हुई सड़कें ठीक करवा दी जाएंगी। इसके लिए छह विभागों के बीच तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा के कार्यकर्ता हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं : पंडित मोहन लाल बड़ौली
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की पहचान संगठन की ताकत से जानी जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के संस्कारों की चर्चा दुनिया भर में होती है। श्री बड़ौली ने कहा कि कपिल मुनि की भूमि कैथल हनुमान जी की जन्म स्थली है, इसलिए हमारे कार्यकर्ता हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि सीता जी की खोज में समुद्र लांघने के समय हनुमान जी को अपनी शक्ति का आभास नहीं था, तब उनको उनकी शक्ति का आभास कराया गया। श्री बड़ौली ने कहा कि उसी तरह से संगठन की बैठकों में भी कार्यकर्ताओं को अपनी शक्ति का आभास होता है।
आज की बैठक में श्री बड़ौली ने संगठन के कार्यों को अच्छी तरह करने पर सभी कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने मन के साथ अच्छा काम किया। केंद्र ने भी हरियाणा के कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना की है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में हरियाणा की चर्चा जरूर करते हैं। देश में जहां-जहां चुनाव हुए हैं हरियाणा के विकास की चर्चा भी जरूर हुई है। श्री बड़ौली ने कहा कि हमें गर्व होता है जब प्र्रधानमंत्री मोदी हरियाणा के संगठन के कार्यों की चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली, महाराष्ट्र और बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में कमल खिलने की बारी है।
संगठनात्मक विषयों पर बोलते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि बीएलए-2 की नियुक्ति शीघ्र करनी है। उन्होंने कहा जल्द ही बीएलए-1 और बीएलए-2 की बड़ी होगी जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सभी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 20 और 21 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणी की बैठक होगी और हर बैठक में वन नेशन, वन इलेक्शन पर चर्चा होना आवश्यक है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 26 और 27 दिसंबर को मंडलों की बैठक होगी उसके बाद विधानसभा स्तर पर सम्मेलन किए जाएंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में प्रदेश स्तर के भी दो कार्यक्रम होंगे जिनमें केंद्र से भी नेता शामिल होंगे। उन्होंने सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार जनहित में अच्छा काम कर रही है। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना नायब सैनी सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। इस योजना का लाभ हर पात्र महिला को मिले इसके लिए उनकी मदद करें।
हमें बूथों को और अधिक मजबूत बनाना है : फणीन्द्रनाथ शर्मा
बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। श्री शर्मा ने बूथों को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ ही हमारी ताकत है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता लोगों को भाजपा की रीति नीति से अवगत कराएं और उन्हें पार्टी से जोड़ने का कार्य करें।
संगठन मंत्री शर्मा ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार बहुत ही अच्छा कार्य कर रही है। जनता के बीच बताने लिए केंद्र व राज्य सरकार की हमारे पास बहुत योजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि बूथों पर सरकार की योजनाओं और जनहित के कार्यों से लोगों को अवगत कराएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वदेशी रथ यात्रा को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कैथल के आरकेएसडी कॉलेज से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत स्वदेशी रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।
इससे पूर्व मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश के कौने कौने तक पहुंचकर स्वदेशी भारत की अलख जाएगी और 24 दिसंबर तक यह यात्रा चलेगी। हरियाणा सरकार द्वारा स्वदेशी मेले लगाए जा रहे हैं। पंचकूला और फरीदाबाद में ऐसे मेलों का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने आगे कहा कि इस आत्मनिर्भर भारत को एक जन आंदोलन बनाएं। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक जीवन में स्वदेशी को अपनाएं। हम आत्मनिर्भर हरियाणा से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे। विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भरता से होकर गुजरेगा।
+ There are no comments
Add yours