नई दिल्ली, 28 दिसंबर :दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि यह चौंकाने वाला है कि पूर्व प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह जी की स्मृति में घोषित राष्ट्रीय शोक के बावजूद दिल्ली सरकार ने आज अपने स्कूलों में मेगा पीटीएम कार्यक्रम आयोजित किया। हम इस राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्यक्रम के आयोजन की कड़ी निंदा करते हैं।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा दिल्ली के सरकारी स्कूलों का अपने राजनीतिक एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए दुरुपयोग किया है। इसी उद्देश्य से सुश्री आतिशी मार्लेना की सरकार ने दिल्ली विधानसभा चुनावों की संभावित घोषणा से कुछ दिन पहले अपने स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य हमेशा की तरह अपने नेताओं, अरविंद केजरीवाल और उनके स्थानीय विधायक उम्मीदवारों को संबंधित क्षेत्र के स्कूलों में बढ़ावा देना था। आज पूरे दिन उन्होंने यह आयोजन राष्ट्रीय शोक की पूर्ण उपेक्षा के साथ किया।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह चौंकाने वाला है कि जब देश के एकमात्र सिख प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री सुश्री आतिशी मार्लेना आदि मेगा कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। उनकी शोक सभा में उपस्थिति केवल एक औपचारिकता थी।
+ There are no comments
Add yours