नई दिल्ली , राधाष्टमी महोत्सव के अवसर पर राजेंद्र नगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे बहावलपुर मंदिर से हुआ।शोभायात्रा का आयोजन इस्कॉन छिपीवाड़ा के सहयोग से किया गया। इस दौरान भक्ति रस से सराबोर संगीतमय भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।शोभायात्रा ने राजेंद्र नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा का समापन गणेश पार्क (तिकोना पार्क), ब्लॉक-17 स्थित गणपति पंडाल में हुआ। यहां श्रीमती चंचल मल्होत्रा द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया।इसके पश्चात गणेश जी एवं भगवान जगन्नाथ जी की विधिवत आरती की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र नगर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। इस अवसर पर श्री राकेश दुरेजा व श्री बृजमोहन सचदेवा मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours