नई दिल्ली 3 फरवरी : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने आज भाजपा के विधानसभा चुनाव संयोजक केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद श्री मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, श्री योगेन्द्र चंदोलिया, श्री प्रवीन खंडेलवाल एवं सुश्री बाँसुरी स्वराज के साथ मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर द्वारा संचालित चुनाव प्रचार अभियान समीक्षा प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित किया और कहा की दिल्ली वाले अब परिवर्तन का मन बना चुके है, उन्हे केजरीवाल के बहाने नही भाजपा का विकास बदलाव चाहिए।
विधानसभा चुनाव प्रचार खत्म होने से ठीक पहले प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की आज हम एक लम्बे चुनाव प्रचार का अंत कर रहे हैं और अगले 48 घंटे हम सब भाजपा कार्यकर्ता पूरे समर्पण से अंतिम सम्भव वोट को डलवाने के लिए काम करेंगे।
श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा इस चुनाव प्रचार में हमारी विरोधी आम आदमी पार्टी का पूरा प्रचार झूठ, भ्रम, अफ़वाहें फैलाने पर आधारित था और उसके चलते हमे त्रिकोणीय चुनाव प्रचार करना पड़ा।
एक तरफ हम हर पल आम आदमी पार्टी के भ्रमजाल को तोड़ने का काम करना था तो दूसरी ओर हमे आम आदमी पार्टी एवं अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार एवं अकर्मण्यता को उजागर करने का काम किया तो तीसरी ओर दिल्ली के लिए केन्द्र सरकार के कामों एवं दिल्ली के लिए भाजपा के संकल्प को दोहराने का काम किया।
श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की इस चुनाव प्रचार में हमे प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की छवि का बड़ा लाभ मिला है और उनके द्वारा चुनाव की ओपचारिक घोषणा से पहले एक विशाल जनसभा के साथ ही प्रचार के दौरान की तीन जनसभाओं के बाद यह कहना अतिशयोक्ति ना होगा की दिल्ली की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और 8 फरवरी को दिल्ली में भाजपा सरकार आयेगी।
माननीय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री श्री अमित शाह, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के साथ ही लगभग एक दर्जन वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्रियों, अनेक राज्यों के मुख्य मंत्रियों, राष्ट्रीय संगठन पदाधिकारियों ने अपने सघन प्रचार से यह सुनिश्चित किया है की भाजपा अंतिम वोटर तक अपनी विकास की राजनीति का विश्वास दिलवा कर वोट मांगने पहुंच पाई है।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से आज दिल्ली कह रही है – भाजपा दिल में भाजपा दिल्ली में।
हमारे राष्ट्रीय पदाधिकारियों एक कुछ अन्य राज्यों के पदाधिकारियों ने हमे अभूतपूर्व संगठन मार्गदर्शन एवं चुनाव मैनेजमेंट दिया है।
इस चुनाव के प्रचार को खड़ा करने में हमे राष्ट्रीय नेतृत्व से मिली “झुग्गी विस्तार योजना” की बड़ी भूमिका रही और झुग्गी बस्तियां जिन्हे कभी भाजपा की कमज़ोरी माना जाता था आज हमारी सबसे बड़ी शक्ति बन गई हैं।
समाज का मध्यम वर्ग जो हमेशा से भाजपा संगठन एवं चुनाव विजय की रीढ़ रही है आज जब हम उनके बीच जा रहे तो वह हमे विजय का आशीर्वाद दे रहे हैं।
आज समाज का मध्यम वर्ग एवं झुग्गी वासी और पूर्वांचल वासी एवं दलित समाज सब मिलकर भाजपा की जीत के नायक बनने को तैयार हैं।
हमारे सभी मोर्चों द्वारा चुनाव की ओपचारिक घोषणा से पहले ही अपने अपने कार्य क्षेत्र की लगभग 3500 से अधिक बैठकें आयोजित की और ओपचारिक घोषणा से पहले ही हमने दिल्ली में स्थानीय नेताओं की मदद से 1400 से अधिक नुक्कड सभाओं से भी केजरीवाल सरकार की पोल खोली थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा की इस चुनाव के दौरान हमने प्रदेश स्तर से स्टार प्रचारकों एवं अन्य नेताओं के माध्यम से लगभग 650 से अधिक जनसभाएं एवं रोड़ शो आयोजित किए जिनके चलते आज दिल्ली कह रही है “बहाने नही बदलाव चाहिए, भाजपा की सरकार चाहिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव दिल्ली की दिशा और दशा बदलने वाला चुनाव है। इस पूरे चुनाव प्रचार में एक तरफ़ भाजपा ने केंद्र सरकार के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी 10 सालों में उसने क्या काम किया है वह बता नहीं पाई है।
उन्होंने कहा कि इसका साफ़ मतलब है कि उन्होंने सिर्फ़ झगड़ा किया है। दिल्ली में राजनीतिक प्रदूषण फैलाने का काम किया है। इस बार भाजपा की सरकार बन रही है और हम 13000 इलेक्ट्रिक बस लेकर आयेंगे और यमुना को तीन साल के अंदर साबरमती फ्रंट की तरह सजाने का काम करेंगे। अपने चिर परिचित अंदाज़ में केजरीवाल ने कूड़े की पहाड़ हटाने के लिए फिर से समय माँगा है जिसे आज तक नहीं हटा पाए लेकिन हम तीन साल में इसे पूरी तरह से साफ़ कर देंगे।
श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि अब दिल्ली में शीशमहल वाली सरकार नहीं चाहिए। जिस अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली में नई शराब नीति लागू की लोगों को लूटा और करोड़ो रुपये का घोटाला भी किया और दिल्ली सरकार को तीन हज़ार करोड़ रुपये के घाटे में धकेल दिया। इसलिए दिल्लीवालों ने अब फैसला किया है कि आधे के साथ आधा फ्री वाली सरकार नहीं चाहिए।
मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि केजरीवाल द्वारा प्रचार किया जा रहा है कि भाजपा दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त महिलाओं का बस में सफ़र, 20 हज़ार लीटर मुफ्त पानी बंद कर देगी लेकिन यह योजना जनहित की है और यह भाजपा सरकार में जारी रहेगी और बेहतर होंगी। बिजली मुफ्त मिलेगी लेकिन सरचार्ज ख़त्म करेंगे।
दिल्ली की महिलाओं को घंटों नहीं खड़ा होना पड़ेगा इसके लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। मैं चुनौती देता हूं कि यदि दिल्ली में भाजपा संकल्प पत्र लागू नहीं करती मैं संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दूँगा।
सांसद श्री मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली एक ऐसी सरकार बनाएगी जो समन्वय और सहयोग से आगे चलेगी क्योंकि लड़ाई झगड़े वाली सरकार अब दिल्ली वालों को नहीं चाहिए। दिल्ली में लोग अब युग पुरुष को वोट करेंगे और ठग पुरुष से लोग पिंड छुड़ायेंगे।
अब दिल्ली की जानता उनके साथ चलेगी जो कहते है खेलो इंडिया, उनके साथ नहीं चलेगी जो कहते हैं पी लो इंडिया। अब दिल्ली की जानता उनके साथ चलेगी जो कहते हैं मैं देश नहीं झुकने दूंगा अब उसके साथ नहीं चलेगी जो कहते हैं मैं दारु नहीं रुकने दूंगा।
पूर्वांचल के लोगों को फर्जी वोटर कहने वालों के खिलाफ दिल्ली वोट करेगी। अपना राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर लाभ के लिए वोट देगी ना कि उनके साथ जायेगी जिन्होने इन योजनाओं को रुकवाने का काम किया।
श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में गत महीनों में आम आदमी के साथ जो संवाद हुआ उस भरोसे हम कह सकते हैं कि इस बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। अरविंद केजरीवाल के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में लोगों ने जो बताया वह अविश्वसनीय है। लेकिन दिल्ली का मध्यम वर्ग सहित अन्य वर्ग भी दिल्ली में भाजपा सरकार को लाने के लिए तैयार है।
सुश्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि राजनीतिक प्रचार और प्रसार का आज आखिरी दिन है लेकिन अब दिल्लीवालों के पास प्रभाव का मौका है। दिल्ली की जनता बदलाव के लिए तैयार है लेकिन मैं सबसे अनुरोध करुंगी कि आप सभी घर से बाहर निकलकर अधिक से अधिक संख्या में वोट करें ताकि डबल इंजन की सरकार बनते ही महिलाओं को सम्मान की राशि 2500 रुपये मिल सके। इसके अलावा सिलेंडर मात्र 500 रुपये का होगा और होली दिवाली में एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। 15000 रुपये की आर्थिक मदद उन बच्चों को भी मिलेगी जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
श्री योगेन्द्र चंदोलिया ने कहा कि रावण का अहंकार जब नहीं रहा तो अरविंद केजरीवाल क्या चीज है। उन्होंने सिर्फ ठगने का काम किया है। उनका असली चेहरा उस दिन एक्सपोज हो गया था जब पंजाब में उनकी शह पर डॉ भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति तोड़ी गई थी। क्योंकि डॉ भीमराव अम्बेडकर सिर्फ संविधान निर्माता ही नहीं बल्कि वे दलित समाज के देवता है, इसलिए पूरा दलित समाज इसका हिसाब लेगा और 8 फरवरी को भाजपा की सरकार दिल्ली में बनेगी।
+ There are no comments
Add yours