एलएसआर कॉलेज के पास हुई घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जानकी देवी कॉलेज की प्राचार्या स्वाति पाल हुईं सक्रिय

Estimated read time 1 min read

⭕करोल बाग मेट्रो से कॉलेज तक डार्क स्पॉट से जलभराव तक, छेड़छाड़ की आशंका व मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर जताई चिंता

⭕छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग


(सानिध्य टाइम्स/ सुधीर सलूजा)

नई दिल्ली। दिल्ली के एक महिला कॉलेज के पास हाल ही में सामने आई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जानकी देवी महिला महाविद्यालय, राजेंद्र नगर की प्राचार्या स्वाति पाल ने दिल्ली पुलिस, एमसीडी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की अपील की है।

प्राचार्या स्वाति पाल ने बताया कि करोल बाग मेट्रो स्टेशन से कॉलेज गेट तक के मार्ग में कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है। इन डार्क स्पॉट के कारण देर शाम कॉलेज से लौटने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मार्ग पर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं तथा कुछ स्थानों पर अवांछित लोगों की आवाजाही भी रहती है।

उन्होंने दिल्ली पुलिस प्रशासन से इस मार्ग पर पुलिस चौकी स्थापित करने, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी आवश्यक है।

प्राचार्या ने बीएसईएस एवं संबंधित बिजली विभाग से करोल बाग मेट्रो से कॉलेज तक के मार्ग में मौजूद सभी डार्क स्पॉट पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से देर शाम गंगाराम रोड और करोल बाग मेट्रो की ओर आने-जाने वाली छात्राओं को अंधेरे के कारण असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा उन्होंने एमसीडी की निगम पार्षद से मार्ग पर बढ़े हुए पेड़ों की छंटाई करवाने, सड़क की स्थिति सुधारने तथा करोल बाग मेट्रो से कॉलेज के बीच बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बारिश के समय कई जगह पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता है और छात्राओं को परेशानी होती है।

प्राचार्या स्वाति पाल ने बताया कि करोल बाग जिला एसीपी और राजेंद्र नगर थाना प्रभारी उनसे मिल चुके हैं तथा उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस का कॉलेज प्रशासन को समय-समय पर सहयोग मिलता रहा है और उन्हें उम्मीद है कि सुरक्षा से जुड़े इन विषयों पर भी शीघ्र कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि महिला कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस, निगम और बिजली विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय आवश्यक है। छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

0Shares

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours