नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह ने आज केंद्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में निरंतर कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। गुरुनानक देव जी ने कहा है- ‘सो क्यों मंदा आखिए, जित जन्मे राजान..’अर्थात जिसने राजा और भगवान को पैदा किया हो, उसका किसी भी प्रकार का अपमान नहीं होना चाहिए। लेकिन गुरुओं की भूमि पंजाब के तरनतारन में 31 मार्च को महिलाओं के साथ जो घटना घटी है, उसने पूरे सिख समुदाय को शर्मसार कर दिया है। एक 55 वर्षीय महिला को निर्ममता के साथ पीटा गया और उसके बाद निर्वस्त्र करके घुमाया गया। वह पीड़ित महिला मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने उसकी सहायता नहीं की। महिला ने कोई कपड़े से अपने तन को ढकने की कोशिश की, तो उसे भी छीन लिया गया और इस शर्मनाक घटना की वीडियो भी बनाया गया। पिछले महीने 3 मार्च को पंजाब के होशियारपुर में 12 साल की बच्ची का बलात्कार हुआ था। पिछले वर्ष होशियारपुर में ही एक दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के बाद मारपीट की घटना सामने आई थी। 2023 के अगस्त में एक महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी का बलात्कार कर, उसे स्टेडियम की छत से फेंक दिया गया था। सितंबर में पिस्तौल की नोक पर एक विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म किया गया था।
सरदर आर पी सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है और जंगलराज हो गया है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनाव प्रचार करने से फुर्सत ही नहीं मिल रही है। भगवंत मान शराब घोटाले मामले में जेल गए अरविन्द केजरीवाल को लेकर दिल्ली में समय बिताते हैं, न कि पंजाब के कानून व्यवस्था सुधारने के लिए काम करते हैं। पंजाब में अपराध केवल महिलाओं तक ही सीमित नहीं है, राज्य में बिल्डर माफिया और गैंगस्टर बिना किसी रोक-टोक, अपना राज चला रहें हैं। राज्य में गैंगस्टर खुले आम उद्योगपतियों से फिरौती मांगते हैं और न देने पर उनकी हत्या कर देते हैं। दिसंबर 2022 में दिनदहाड़े एक कपड़ा व्यापारी की उसके गनमैन सहित हत्या कर दी गई, ताकि बाकी उद्योगपतियों पर दबाव बनाया जा सके। गैंगस्टरों के कहे अनुसार न खेलने और मैच फिक्सिंग में समिलित नहीं होने के लिए एक कबड्डी खिलाड़ी की हत्या कर दी गई।
सरदार आर पी सिंह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की मान सरकार, राज्य की कानून व्यवस्था को बनाए रखने में एकदम विफल रही है। पंजाब में बहनों-बेटियों के साथ बलात्कार हो रहे हैं और आम आदमी पार्टी केवल राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य सरकार की सुविधाओं को आम आदमी पार्टी के प्रचार करने और जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए इस्तेमाल करते हैं। देश में कोई घटना होती है तो बंगाल और पंजाब जैसे विपक्षी राज्यों के नेता शोर करते हैं, लेकिन उनके राज्यों में होने वाली घटनाओं पर मौन साध लेते हैं।
+ There are no comments
Add yours