नई दिल्ली, राजेन्द्रनगर, करोल बाग और नांगलोई विधानसभा क्षेत्रों के 500 से अधिक युवा और महिला वॉलंटियर्स आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।
आज भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख थे श्री विजय टाइटलर और डॉ. चंद्रकांता जिन्होंने 2020 में राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र से राघव चड्ढा और बाद में जून 2022 में राजेन्द्र नगर से उपचुनाव में दुर्गेश पाठक की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा, महामंत्री श्री योगेन्द्र चांदोलिया, मंत्री श्री नरेश ऐरन, मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर, एमसीडी में एलओपी सरदार राजा इकबाल सिंह और कार्यालय मंत्री श्री बृजेश राय ने पार्टी के नए सदस्यों को पार्टी के रंग का पटका एवं माला पहनाई।
आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले लोगों में शामिल हैं :
- श्री विजय टाइटलर राजेन्द्र नगर विधानसभा के एक प्रमुख आप वॉलंटियर हैं जो कई सामाजिक धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए हैं।
- डॉ. चंद्रकांता राजेन्द्र नगर से आप वालंटियर हैं और एनजीओ मिरर फाउंडेशन की संस्थापक हैं।
- श्रीमती. ज्योति बडिवाल ने देवनगर वार्ड से AAP के चुनाव चिन्ह झाडू पर 2017 एमसीडी चुनाव लड़ा था।
- श्री अमरजीत सिंह जिन्होंने बुधनगर से AAP के टिकट पर 2022 एमसीडी चुनाव लड़ा।
- सुश्री भारती रछौया जो नांगलोई में महिला सशक्तिकरण एनजीओ चलाने वाली ’आप’ की वॉलंटियर हैं।
- श्री अक्षय कुमार संयुक्त सचिव यूथ विंग दिल्ली आम आदमी पार्टी।
- श्री राजबीर अध्यक्ष एनजीओ मिरर फाउंडेशन
- श्री हेमराज राठौड़ महासचिव एनजीओ मिरर फाउंडेशन।
- श्री शाह आलम अध्यक्ष मुस्लिम समाज पांडव नगर आम आदमी पार्टी।
- राजेन्द्र नगर में श्री किशन कुमार ’आप’ वॉलंटियर।
श्री विजय टाइटलर, श्रीमती ज्योति बाडिवाल और सुश्री भारती रछौया ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडे और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों से प्रभावित हैं और भाजपा के माध्यम से लोगों की सेवा करने का अवसर पाकर खुश हैं।
श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत किया और कहा कि यह सिर्फ एक शुरुआत है क्योंकि बड़ी संख्या में आप और कांग्रेस कार्यकर्ता हमारे साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं। जब हम उन सभी लोगों से बात करते हैं जो बीजेपी में शामिल हो रहे हैं या शामिल होने के लिए तैयार हैं तो हमें पता चलता है कि आम आदमी पार्टी के अंदर ये लोग न सिर्फ ठगे गए हैं बल्कि खुद को झूठ के दलदल में फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विजय टाइटलर और डॉ. चंद्रकांता का भाजपा मे आना आम आदमी पार्टी के लिए, पूर्व विधायक राघव चड्ढा और राजेंद्र नगर से मौजूदा विधायक दुर्गेश पाठक के लिए बड़ा झटका है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार अब न सिर्फ दिल्ली की जनता बल्कि आप कार्यकर्ताओं को भी शर्मसार कर रहा है। विकास के जो अवसर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिलने चाहिए थे, उन्हें आप विधायकों और पार्षदों ने छीन लिया और यही कारण है कि आज आप कार्यकर्ता अपने ही नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि हम बीजेपी में देश के गौरव और सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं करते हैं और हम सब मिलकर दिल्ली में बढ़ रहे भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम करेंगे।
+ There are no comments
Add yours