75 साल के हुए राजस्थान की राजस्थान वासियों को बधाई: नवीन गोयल

Estimated read time 1 min read

गुरुग्राम। शनिवार 30 मार्च को 75 साल के हुए राजस्थान राज्य की एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने राजस्थान वासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजपुताना राजस्थान का इतिहास गौरवशाली है। कुल 22 रियासतों को मिलाकर बनाया गया यह राज्य पर्यटन की दृष्टि से अग्रणी राज्यों में शुमार है।
नवीन गोयल ने कहा कि राजस्थान से देशभर में व्यापार करने के लिए व्यापारियों ने अपनी विशेष पहचान बनाई है। राजस्थान वीरों की धरती रही है। आजादी से पहले इस क्षेत्र को राजपूताना के नाम से जाना जाता था। रियासतों का एकीकरण सात चरणों में पूरा होने के बाद इस क्षेत्र का नाम बदलकर राजस्थान कर दिया गया। राजस्थान क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। 14 जनवरी 1949 को सरदार वल्लभभाई पटेल ने उदयपुर में एक सार्वजनिक बैठक में जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और जैसलमेर की रियासतों के विलय की घोषणा की। सरदार पटेल ने 30 मार्च, 1949 को जयपुर में एक समारोह में वृहद राजस्थान का उद्घाटन किया। इस विलय और वृहद राजस्थान के गठन के साथ ही हर वर्ष 30 मार्च को राजस्थान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
नवीन गोयल ने कहा कि गुरुग्राम के विकास में जिस तरह से अन्य राज्यों से आए लोगों की मेहनत है, उसी तरह से राजस्थान के लोगों का भी यहां पर विशेष योगदान है। सामान्य से लेकर तकनीक के काम में महारत हासिल राजस्थान के लोग यहां विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती धार्मिक दृष्टि से भी दुनियाभर में जानी जाती है। बड़े धार्मिक स्थल क्षेत्र में सदैव धर्म-कर्म का माहौल बनाकर रखते हैं, वहीं पर्यटन की दृष्टि से राजस्थान अग्रणी राज्यों में है। यहां किले, जंगल इस राज्य के गौरव की कहानी को दर्शाते हैं। घूमने-फिरने की दृष्टि से राजस्थान को काफी पसंद किया जाता है। पर्यटन से राजस्थान को काफी आर्थिक मजबूती मिलती है। क्योंकि देश के अन्य राज्यों से सालभर में लाखों पर्यटक राजस्थान में पहुंचते हैं। वहां का पुष्कर का मेला दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करता है। नवीन गोयल ने राजस्थान के हर व्यक्ति को राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य और अधिक ऊंचाईयों को छुए।

0Shares

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours