नई दिल्ली, डॉ. विजय जौली के नेतृत्व में दिल्ली स्ट्डी ग्रुप ने सदाबहार भारतीय फिल्म अभिनेता, निर्देशक व निर्माता ‘‘देव आनंद की 100वीं वर्षगांठ’’ पर नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब में जश्न मना कर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया।
देव आनंद के जीवनकाल पर लघु फिल्म व उनकी फिल्मों के 25 लोकप्रिय गाने, दिल्ली स्ट्डी ग्रुप सोशल मीडिया संयोजिका श्रीमती शालू कुमारी द्वारा प्रदर्शित व किए गए।
मुख्य अतिथि रजत शर्मा, चेयरमैन इण्डिया टीवी ने लंदन से जूम लिंक द्वारा कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने देव आनंद के जीवंत चरित्र पर प्रकाश डालते हुए देव आनंद की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि देव आनंद दिन रात काम करने के नशे में डूबे रहते थे। वो हमेशा हंसमुख व मिलनसार रहे। देव आनंद के ‘‘आनंद’’ उपनाम तथा विजय जौली के ‘‘जौली’’ उपनाम की सामान्यताओं के चलते तथा देव आनंद के जीवंत कार्यकाल की 100वीं वर्षगांठ मनाने पर सकारात्मक टिप्पणी करते हुए प्रसिद्ध टीवी पत्रकार रजत शर्मा ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की ।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने बताया कि वे सदाबहार देव आनंद के अभिनय व उनकी अदाओं के हमेशा प्रशंसक रहे। देव आनंद के बालों व उनकी उभरी जुल्फों से हमेशा प्रभावित रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं देव आनंद के अनुरूप फिल्मों में अभिनय करना चाहता था। लेकिन मुझे राजनीति करने का सौभाग्य मिला।
देव आनंद के सुपुत्र सुनील आनंद ने मुंबई स्थित नवकेतन फिल्म स्टूडियों से बैठकर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। सुनील ने कहा कि मेरे पिताश्री न केवल देखने में युवा रहे अपितु अपनी सोच व कर्म से भी हमेशा नौजवान रहे। सुनील ने इसके साथ ही कहा कि उनके पिता देव आनंद का जन्म वर्ष 1923 में अविभाजित हिन्दुस्तान के पंजाब प्रांत में हुआ था। लेकिन देव आनंद आधुनिक सोच वाले और आधुनिक व्यक्तित्व के धनी थे। मुझे देव आनंद का सुपुत्र होकर उनकी नाम शैली की पीढ़ी को आगे बढ़ाने का सौभाग्य मिला है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली स्टडी ग्रुप के डॉ0 विजय जौली सहित भारत व विश्व के लाखों देव आनंद प्रशंसकों द्वारा उनके पिता की 100वीं वर्षगांठ मनाने के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद किया।
अन्य विशिष्ट वक्ताओं में गदर-2 फिल्म अभिनेता रोहित चौधरी व भारत में फिजी उच्चायुक्त कमलेश शशी प्रकाश रहे। भूटान उपराजदूत के. दोरजिक, ग्रीस उपराजदूत बौदौरिस तथा पनामा की राजनयिक कुमारी अन्ना इत्यादि उपस्थित रहे। प्रवासी भारतीयों का नेतृत्व लार्ड रैमी रेंजर (लंदन हाउस आफ लार्डस सदस्य), श्रीमती मंजू जेहू (सामुदायिक महिला नेत्री, आस्टेलिया), प्रमोद भगत (सामाजिक नेता न्यूयार्क अमेरिका), डॉ. स्वरूप रंजन मिश्रा (पूर्व प्रवासी भारती केन्या सांसद) तथा डॉ. संयम आशीश ब्रहमभट्ट (स्काटलैंड युवा चिकित्सा छात्र) ने जूम द्वारा शुभकामनाएं दी।
दुनियां के 156 देशों में फेसबुक लाइव द्वारा कार्यक्रम देखा व सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता के0के0 भार्गव, अध्यक्ष देव आनंद फैंस फोरम तथा संचालन दक्षिण दिल्ली पूर्व महापौर नरेंद्र चावला ने किया।
डॉ. जौली ने इस अवसर पर कहा कि मिलनसार व सदाबहार देव आनंद आधुनिक समय में भी , 100 जीवन काल चक्र में भी जीवंत हैं। देव आनंद सच्चे कर्मयोगी थे। उन्होंने कई पीढ़ियों के युवाओं व बुजुर्गों को प्रेरित किया। इसके साथ ही डॉ. जौली ने दावा किया कि देव आनंद ने उन्हें अच्छे ढंग से कपड़े पहनना, सकारात्मक सोचना और बोलना तथा हमेशा युवा बने रहने के लिए प्रेरित किया।
+ There are no comments
Add yours