अयोध्या/नई दिल्ली, प्राण प्रतिष्ठा पूजन के प्रथम दिन के समापन पर वैदिक विद्वान आचार्य श्री गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने बताया कि अयोध्या में श्री रामजन्मभूमि स्थान पर निर्मित हुए श्री राम मन्दिर में 22 जनवरी के प्रतिष्ठा महोत्सव के अन्तर्गत् 16 जनवरी को श्री अनिल मिश्रा ने सांगोपांग सर्व प्रायश्चित्त किया तथा सरयू नदी में स्नान किया। विष्णुपूजन करके पञ्चगव्य एवं घी से होम कर पंचगव्यप्राशन किया। द्वादशाब्द पक्ष से प्रायश्चित स्वरूप गोदान किया। दशदान के पश्चात मूर्ति-निर्माण स्थान पर कर्मकुटी होम किया।
यह कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हवन के समय आचार्य वैदिकप्रवर श्री लक्ष्मीकान्त दीक्षित जी स्वयं उपस्थित रहे। मण्डप में वाल्मीकि रामायण व भुशुण्डिरामायण का पारायणारम्भ हुआ।
आज 17 जनवरी बुधवार को अपराह्न 1:20 के पश्चात जलयात्रा, तीर्थपूजन, ब्राह्मण-बटुक- कुमारी -सुवासिनी पूजन, वर्धिनीपूजन, कलशयात्रा एवं भगवान श्री रामलला की मूर्ति का प्रासाद परिसर में भ्रमण होगा।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा प्राण प्रतिष्ठा के प्रमुख यजमान होंगे। सपत्नी अनुष्ठान में शामिल होंगे। डॉ. अनिल मिश्र आम्बेडकर नगर के रहने वाले हैं। यह सरकारी होम्योपैथिक डॉक्टर के पद पर तैनात थे। फैजाबाद के लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में रहते हैं। साथ ही आरएसएस के प्रांतीय पदाधिकारी के साथ होम्योपैथिक बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद मंदिर निर्माण ट्रस्ट के ट्रस्टी के तौर पर भागीदारी कर रहे हैं। अनिल मंदिर ट्रस्ट के स्थायी 11सदस्यों मे से एक हैं।
+ There are no comments
Add yours