माता सुंदरी कॉलेज की छात्रा मनिका विश्वकर्मा के सिर सजा मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का ताज

Estimated read time 1 min read

नई दिल्ली (सुधीर सलूजा/ सानिध्य टाइम्स) दिल्ली विश्वविद्यालय के माता सुंदरी कॉलेज फॉर वुमेन की छात्रा सुश्री मनिका विश्वकर्मा ने मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। समस्त कॉलेज मनिका की अद्वितीय उपलब्धि पर गौरवान्वित है। मनिका को हाल ही में जयपुर में आयोजित मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में विजेता का ताज पहनाया गया। उनकी यह सफलता संस्थान के लिए बेहद हर्ष का विषय है और देशभर की युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


मनिका माता सुंदरी कॉलेज में अपने अध्ययन के दौरान ही विभिन्न सांस्कृतिक उत्सवों, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, मंचीय प्रस्तुतियों और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं। अपने आत्मविश्वास और नेतृत्व करने की क्षमता के बल पर वे विश्वविद्यालय और अंतर-महाविद्यालय स्तर पर कॉलेज का प्रतिनिधित्व कर चुकीं है। शैक्षणिक और सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी उनके बहुमुखी व्यक्तित्व को दर्शाती है और उनकी उपलब्धि को और भी खास बनती है।


कॉलेज की प्राचार्या प्रो. हरप्रीत कौर ने अपनी प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि ‘मनिका ने हमेशा अपने कॉलेज समय से ही गरिमा, बुद्धिमत्ता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। उसने प्रत्येक कार्यक्रम में पूरे मन से भाग लिया और सदैव गरिमा तथा सकारात्मकता के साथ स्वयं को प्रस्तुत किया। एक प्रतिभाशाली छात्रा से राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल करने वाली शख्सियत तक उसकी इस यात्रा का साक्षी बनना हमारे लिए गर्व की बात है।’


छात्र सलाहकार, डॉ. मंजोत कौर ने कहा कि ‘मनिका की यह यात्रा उनकी ईमानदारी और एकाग्रता को दर्शाती है। उन्होंने सदैव अपने शैक्षणिक उत्तरदायित्वों और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखा। उनका सम्मानपूर्ण व्यावहार और दृढ़ संकल्प इस सफलता को वास्तव में सार्थक बनाते हैं।”


सांस्कृतिक सलाहकार, डॉ. सिरताज कौर ने मनिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘मनिका अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सदैव उत्साह से भाग लिया और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित किया। आज ये सभी गुण पूरे विश्व के सामने हैं और हमें गर्व है कि उन्होंने इतनी ऊँचाइयाँ हासिल कीं।’


शिक्षकों ने मनिका की सफलता को सराहते हुए कहा कि ‘एक अध्यापक के रूप में हम मनिका को एक जिज्ञासु और अनुशासित छात्रा के रूप में याद करते हैं। उन्होंने गंभीरता से अपनी पढ़ाई की और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी यह उपलब्धि न केवल कॉलेज बल्कि उन सभी के लिए गर्व का क्षण है जो उनकी यात्रा का हिस्सा रहे हैं।’


मनिका ने संस्थान को दिए अपने संदेश में माता सुंदरी कॉलेज में अपनी शैक्षणिक और सांस्कृतिक यात्रा के दौरान मिले सहयोग की सराहना की। उन्होने कहा कि कॉलेज में मिले प्रोत्साहन और सीखने के माहौल ने उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


मनिका की इस सफलता ने एक बार फिर माता सुंदरी कॉलेज को राष्ट्रीय पटल स्थापित कर दिया है और इससे युवा महिलाओं को विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने एवं उन्हें सशक्त बनाने की कॉलेज विरासत और भी मजबूत हुई है। समस्त कॉलेज परिवार मनिका को शुभकामनाएँ देता है कि वह अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी भारत का नाम रोशन करें।

0Shares

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours